Sunday, February 15

सहरसा (बिहार)।मध्य विद्यालय कोरलाहा में 450 बच्चों के बीच अंगवस्त्र वितरण

मध्य विद्यालय कोरलाहा में 450 बच्चों के बीच अंगवस्त्र वितरण

राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार) 

सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड के हरेवा पंचायत अंतर्गत स्थित मध्य विद्यालय कोरलाहा में सोमवार को सामाजिक सहभागिता का एक सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों के बीच अंगवस्त्र वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में नामांकित कुल 450 बच्चों को अंगवस्त्र (शर्ट) प्रदान किया गया, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखा गया।

यह कार्यक्रम सिमरी बख्तियारपुर निवासी समाजसेवी मनोज भगत के सहयोग से आयोजित किया गया। अंगवस्त्र पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। बच्चों ने इस पहल के लिए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने भी इस सहयोग को बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार पासवान ने कहा कि समाजसेवियों के सहयोग से विद्यालय में सकारात्मक माहौल बनता है और बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास न केवल बच्चों की आवश्यकताओं को पूरा करते हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और मनोबल को भी मजबूत करते हैं। शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सहयोग बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है।

इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी समाजसेवी मनोज भगत की इस पहल की सराहना की और उनके प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में शिक्षक सुनील पासवान, सुलोचना कुमारी, मनीषा कुमारी, अशोक कुमार सिंह, कुमारी शोला, कुमारी मधुमाला, रामरतन, मंजु कुमारी भारती, रवि रंजन, विनोद यादव, किशोर चौधरी, खुशीलाल चौधरी सहित कई ग्रामीण और अभिभावक उपस्थित थे।

कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय परिवार के सहयोग से किया गया। अंत में विद्यालय प्रशासन ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी समाजसेवियों का ऐसा सहयोग मिलता रहेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *