Sunday, February 15

सहरसा (बिहार)।सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्कता जरूरी, लापरवाही से होती हैं दुर्घटनाएं : सुदर्शन गौतम

सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्कता जरूरी, लापरवाही से होती हैं दुर्घटनाएं : सुदर्शन गौतम

राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार) 

सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड के पूर्वी कोसी तटबंध के भीतर दियारा क्षेत्र स्थित चिड़ैयां संकुल अंतर्गत मध्य विद्यालय रैठी समेत संकुल के कई विद्यालयों में सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। यह अभियान जिलाधिकारी सह अध्यक्ष जिला सड़क सुरक्षा समिति सहरसा के निर्देश पर आयोजित किया गया।

अभियान के तहत संकुल समन्वयक सह प्रखंड अध्यक्ष बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ सलखुआ सुदर्शन कुमार गौतम के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर सुदर्शन कुमार गौतम ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने सभी से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क संकेत, ट्रैफिक लाइट और जेब्रा क्रॉसिंग का हमेशा ध्यान रखें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। नाबालिग उम्र में वाहन न चलाएं और तेज गति से वाहन चलाने से बचें।

उन्होंने बच्चों को सड़क पार करने के सही तरीके की जानकारी देते हुए कहा कि सड़क पार करते समय दोनों ओर देखकर ही आगे बढ़ें। विद्यालय आते समय सड़क के दाहिने किनारे तथा विद्यालय से घर जाते समय बाएं किनारे से चलने की आदत डालें। साथ ही अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सुरक्षित शनिवार के तहत भूकंप से बचाव एवं आपदा प्रबंधन की भी जानकारी दी गई। बच्चों को भूकंप के समय क्या करें और क्या न करें, इस पर विस्तार से समझाया गया।

मौके पर प्रधानाध्यापक शिवकुमार, जयकृष्ण यादव, परमानंद कुमार, नवनीत कुमार, अजीत कुमार, सरिता कुमारी, दिगंबर शंकर, प्रमोद गुरुदेव सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यालय कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *