
जलजमाव स्थल को लेकर विवाद, बाजारवासियों ने मिट्टी भराई रुकवाई
प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग, बिना अनुमति कार्य का आरोप
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र में जलजमाव के एक प्रमुख स्थल को लेकर शनिवार को विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। बताया जाता है कि उक्त स्थल पर बीते कई दिनों से मिट्टी भराई का कार्य चल रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही शनिवार शाम दर्जनों बाजारवासी मौके पर पहुंचे और एकजुट होकर मिट्टी भराई का कार्य रुकवा दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थल वर्षों से जलनिकासी एवं बरसाती पानी के जमाव का प्राकृतिक मार्ग रहा है। यदि यहां मिट्टी भराई की गई तो बाजार क्षेत्र सहित आसपास के आवासीय इलाकों में गंभीर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। लोगों ने आरोप लगाया कि बिना किसी वैध अनुमति के जेसीबी मशीन लगाकर मिट्टी डालने का प्रयास किया जा रहा था।
मौके पर पहुंचे बाजारवासियों ने कार्य में लगे लोगों से तत्काल काम बंद करने को कहा, जिसके बाद मिट्टी भराई रोक दी गई। बाजार निवासियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक प्रशासन द्वारा स्थल की जांच कर कोई स्पष्ट निर्देश नहीं दिया जाता, तब तक किसी भी प्रकार की मिट्टी भराई स्वीकार नहीं की जाएगी।
लोगों ने मांग की कि जलजमाव वाले स्थल एवं जलनिकासी मार्ग को सुरक्षित रखा जाए, ताकि बरसात के मौसम में बाजार और आसपास के मोहल्लों को परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थल को अतिक्रमण मुक्त रखने और भविष्य में किसी भी तरह की मिट्टी भराई पर स्थायी रोक लगाने की मांग की गई।
फिलहाल स्थानीय लोगों के विरोध के बाद मिट्टी भराई का कार्य पूरी तरह बंद है और प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
























