
मतदाता बढ़ाने को भाजपा का SIR अभियान तेज, कार्यकर्ताओं को युद्धस्तर पर काम करने के निर्देश
जौनपुर । भारतीय जनता पार्टी के SIR अभियान को लेकर जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संगठन को युद्धस्तर पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश मंत्री ओम प्रकाश श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में काशी क्षेत्र के महामंत्री एवं जिला प्रभारी अशोक चौरसिया मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
प्रदेश मंत्री ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि कार्यकर्ताओं को ऐसे काम करना होगा, मानो वे स्वयं चुनाव लड़ रहे हों। उन्होंने कहा कि यही वोट भविष्य में संगठन के लिए निर्णायक सिद्ध होंगे। वर्तमान समय में विधानसभा, मंडल, वार्ड और बूथ स्तर तक फॉर्म-6 पहुँचाने, नाम कटने वालों का नाम जुड़वाने और नए युवा मतदाताओं को शामिल करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अब प्रतिदिन बूथ स्तर की रिपोर्ट शाम तक जिला कार्यालय भेजनी होगी तथा शहरी मतदाताओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
जिला प्रभारी अशोक चौरसिया ने 26 जनवरी तक बूथों पर बैठकर SIR अभियान के तहत फॉर्म 6, 7, 8 और 9 भरवाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह अभियान संगठनात्मक मजबूती और मतदाता बढ़ाने का अहम पड़ाव है, इसलिए प्रत्येक बूथ पर सक्रियता सुनिश्चित की जाए।
जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि मंडल अध्यक्ष, प्रभारी और सह प्रभारी अपने क्षेत्रों की जमीनी हकीकत समझें। ड्राफ्ट लिस्ट की गहन जांच कर पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाएं और अपात्र नामों की पड़ताल करें। उन्होंने कहा कि संगठन इस अभियान को अत्यंत गंभीरता से चला रहा है, इसलिए किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुल्तानपुर सीता सरन त्रिपाठी ने बताया कि पार्टी का फोकस मुख्य रूप से तीन वर्गों पर है—
नए युवा मतदाता, जिनका नाम अभी तक सूची में शामिल नहीं हो पाया है।
वे मतदाता जिनके नाम तकनीकी कारणों से हट गए हैं।
वे मतदाता जिनका सत्यापन के दौरान पता या मैपिंग नहीं हो सका।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुनील तिवारी ने किया। इस दौरान विधायक, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
























