
न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता बने उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, राज्यपाल ने दिलाई शपथ
देहरादून। न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता ने शनिवार को उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
देहरादून स्थित लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने भारत की राष्ट्रपति की ओर से जारी वह अधिसूचना पढ़कर सुनाई, जिसके माध्यम से न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता को उत्तराखंड उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
उल्लेखनीय है कि न्यायमूर्ति गुहानाथन नरेंद्र शुक्रवार को उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद से सेवानिवृत्त हो गए थे।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली, उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति आशीष नैथानी, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, खजान दास, प्रदीप बत्रा और सविता कपूर उपस्थित रहे।
इसके अलावा पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, नैनीताल हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता, राज्यपाल के विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, अपर सचिव रीना जोशी सहित कई वरिष्ठ न्यायाधीश, अधिकारी और अन्य गणमान्य अतिथि भी समारोह में मौजूद थे।
























