जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी ने एनीमिया मुक्त शाहजहांपुर अभियान के तहत बच्चियों एवं महिलाओं को आयरन की गोली व नींबू पानी का कराया सेवन
बच्चियां एवं महिलाएं आयरन की गोली व नींबू पानी का सेवन करें नियमित: जिलाधिकारी
शाहजहांपुर । योगेंद्र यादव
जनपद में “सक्षम नारी अभियान” एवं “मिशन शक्ति” के पाँचवें चरण के अंतर्गत, जिला प्रशासन शाहजहाँपुर द्वारा “एनीमिया मुक्त शाहजहाँपुर अभियान” महिला पोषण सशक्तिकरण के उद्देश्य से आज पूरे जनपद में विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद एवं सभी ब्लॉकों के सरकारी कार्यालयों, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सभी सरकारी विद्यालयों, आंगनवाड़ी केन्द्रों, वीएचएसएनडी सत्रों तथा पंचायत भवनों में लगभग 5 लाख बच्चियों एवं महिलाओं को एक गिलास नींबू पानी के साथ आयरन फोलिक एसिड की एक गोली खिलाई गई।

बुधवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 अपराजिता सिंह ने एनीमिया मुक्त शाहजहांपुर अभियान के अंतर्गत ग्राम शाहबाजनगर में बच्चियों एवं महिलाओं को आयरन की गोली व नींबू पानी का सेवन कराया। साथ ही एक माह की आयरन की गोलियां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी ने बच्चियों एवं महिलाओं से आयरन की गोली व नींबू पानी का नियमित सेवन के लिए कहा। इस अभियान में प्रतिभागियों को पोर्टल पर सेल्फ़ी अपलोड उपरान्त डाउनलोड प्रमाण पत्र वितरित किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में खून की कमी यानी एनीमिया की समस्या को दूर करना है। एनीमिया के कारण शरीर में खून की कमी हो जाती है जिससे थकान, कमजोरी और चक्कर आने जैसी समस्याएँ होती हैं। गंभीर स्थिति में यह गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए जानलेवा भी हो सकता है तथा पढ़ाई, काम करने की क्षमता और रोग-प्रतिरोधक शक्ति को कम कर देता है। आयरन की गोली के नियमित सेवन से एनीमिया दूर होता है, गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव एवं स्वस्थ शिशु प्राप्त होता है, थकान कम होती है और शरीर की ऊर्जा तथा रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। आयरन की गोली को हमेशा भोजन के बाद लेना चाहिए। आहार में हरी सब्ज़ियाँ, मोटे अनाज और विटामिन-सी युक्त खाद्य पदार्थ जैसे नींबू, आंवला, मौसमी आदि ज़रूर शामिल करें, क्योंकि विटामिन-सी शरीर में आयरन को अवशोषित कर खून की कमी को दूर करता है। ध्यान रहे कि आयरन की गोली को खाली पेट, चाय या कॉफी के साथ तथा कैल्शियम की गोली के साथ नहीं लेना चाहिए।
























