
प्रदर्शनी में दिखी लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के सेवा और सुशासन की झलक
जौनपुर। लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में रानी अहिल्याबाई द्वारा किए गए सेवा कार्यों, सुशासन, धार्मिक व सांस्कृतिक उत्थान और ऐतिहासिक योगदान को चित्रों और विवरणों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
प्रदर्शनी का शुभारंभ पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश त्रिवेदी एवं जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राकेश त्रिवेदी ने कहा कि रानी अहिल्याबाई का न्यायप्रिय शासन, धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार और सामाजिक पुनर्जागरण के लिए किया गया कार्य आज भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने बताया कि भाजपा द्वारा पूरे प्रदेश में महिला जनसंवाद, प्रतियोगिताएं और जागरूकता अभियान चलाकर उनकी विरासत को आम जनमानस तक पहुँचाया जाएगा। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे “विकास भी, विरासत भी” अभियान को भी इससे जोड़ा जाएगा।
जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने रानी अहिल्याबाई को “पुनर्जागरण की देवी” की संज्ञा देते हुए कहा कि उन्होंने काशी विश्वनाथ से लेकर सोमनाथ मंदिर तक लगभग 10,000 मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया। उनका जीवन नारी सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और राष्ट्रनिर्माण को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य न केवल रानी अहिल्याबाई की गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुँचाना है, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण की उपलब्धियों को भी सामने लाना है।
इस अवसर पर किसान मोर्चा से अनिल गुप्ता, भूपेंद्र पाण्डेय, सुरेन्द्र मिश्र सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
























