
बाबा साहब के अपमान पर बवाल: भाजपा का सपा और अखिलेश यादव के खिलाफ प्रदर्शन, माफ़ी की मांग तेज
जौनपुर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की आधी तस्वीर को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ जोड़कर जारी किए गए समाजवादी पार्टी के एक पोस्टर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस पोस्टर को बाबा साहब का घोर अपमान बताते हुए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
मड़ियाहूं में विरोध, जौनपुर कलेक्टरेट में आंदोलन
मड़ियाहूं में भाजपा के मछलीशहर जिला संगठन द्वारा प्रदर्शन किया गया, जिसका नेतृत्व जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने किया। कार्यकर्ताओं ने नगर स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर काली पट्टी बांधी और हाथों में आक्रोश जताने वाले प्लेकार्ड लेकर समाजवादी पार्टी व अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद शहीद भगत सिंह की प्रतिमा तक जुलूस निकाल कर आक्रोश व्यक्त किया गया।
वहीं, जौनपुर मुख्यालय पर भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह के नेतृत्व में कलेक्टरेट परिसर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से तत्काल सार्वजनिक माफी की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बाबा साहब के इस अपमान पर माफ़ी नहीं मांगी गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
सपा पर दोहरी मानसिकता का आरोप
जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि सपा का यह कृत्य निंदनीय है और उसकी दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने संविधान निर्माता का अपमान किया है और आजम खान जैसे नेताओं के विवादित बयानों पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके अलावा, उन्होंने सपा सरकार पर बाबा साहब से जुड़े संस्थानों और जिलों के नाम बदलने का भी आरोप लगाया।
आंदोलन की चेतावनी
भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव माफी नहीं मांगते, तो पूरे जनपद और प्रदेश स्तर पर आंदोलन को तेज किया जाएगा।

