बदायूँ।जय श्री राम के जयकारों से गूंजा 84 घंटा हनुमान मंदिर

जय श्री राम के जयकारों से गूंजा 84 घंटा हनुमान मंदिर

एकादशी पर रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजा मंदिर, दर्शन-पूजन को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

बदायूं। सराफा बाजार स्थित प्रसिद्ध 84 घंटा हनुमान मंदिर में एकादशी का पर्व धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी और आकर्षक फूलों से सजाया गया। शाम ढलते ही रोशनी से जगमगाता मंदिर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन गया।

एकादशी के अवसर पर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना-जाना शुरू हो गया। शाम होते-होते भक्तों का जमावड़ा लग गया। भगवान हनुमान के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर में “जय श्री राम, जय हनुमान”, “जय श्री कृष्ण” और “जय राधे” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

आरती के बाद बांटा प्रसाद

मंदिर के पुजारी सुधीर मिश्रा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान की आरती उतारी और भोग लगाया। आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कर भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की।

रोशनी और फूलों से आकर्षक सजावट

एकादशी के पर्व पर मंदिर की सजावट विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर भवन को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों तथा फूलों से सजाया गया। रात के समय रोशनी में नहाया मंदिर बेहद मनोहारी नजर आया। निक्की देवल की ओर से मंदिर की भव्य एवं दिव्य सजावट की सेवा की गई।

सेवाभाव से जुटे श्रद्धालु

प्रसाद व्यवस्था में सुमित, राजीव रस्तोगी, अरविंद वैश्य, संजय राणा, दीपक वैश्य, राजू वैश्य एवं सोनी ज्वेलर्स का सहयोग रहा। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने सेवा कार्यों में भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

इस मौके पर रामगोपाल पटवा, प्रदीप पटवा, राजकुमार सिंह सेंगर, कन्हैया मिश्रा, वंश मिश्रा सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। देर शाम तक मंदिर परिसर भक्तों से गुलजार रहा और जयकारों से पूरा सराफा बाजार भक्तिमय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *