अभोली ब्लॉक में 32 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ।
शरद बिंद/ भदोही
दुर्गागंज। जनपद के अभोली ब्लॉक परिसर में बुधवार को समाज कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 32 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच एक-दूसरे का हाथ थामकर साथ जीने-मरने की कसमें खाईं। समारोह में वर-वधू के परिजनों और क्षेत्रीय लोगों की मौजूदगी में विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रियंका बिंद रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बाल गोविंद शुक्ला मौजूद रहे। समारोह में सभी जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। हिंदू जोड़ों का विवाह पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कराया, जबकि मुस्लिम जोड़ों के लिए मौलवियों ने निर्धारित धार्मिक विधि-विधान के अनुसार निकाह संपन्न कराया।
खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक राहत प्रदान करना है। योजना के तहत पात्र जोड़ों को शासन की ओर से निर्धारित सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में कुल 32 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।
समारोह के दौरान नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल रहा। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर ग्राम प्रधान श्रीराम यादव, शीतला प्रसाद बिंद, सुरेश बिंद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
























