बदायूँ।जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, एसएसपी अंकिता शर्मा ने थाना प्रभारियों को दिए निर्देश

जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, एसएसपी अंकिता शर्मा ने थाना प्रभारियों को दिए निर्देश

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की समीक्षा, प्रत्येक थाने पर शीर्ष 10 भूमि विवादों की सूची बनाकर समाधान कराने के निर्देश

बदायूं। जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर एसएसपी अंकिता शर्मा ने बुधवार को पुलिस कार्यालय से जनपद के समस्त थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और भूमि विवादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के क्रम में आयोजित गोष्ठी में एसएसपी ने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।

उन्होंने आईजीआरएस, जनसुनवाई, मुख्यमंत्री संदर्भ, पीजी पोर्टल सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।

भूमि विवादों के समाधान के लिए बनेगी कार्ययोजना

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थानों पर शीर्ष 10 भूमि विवादों की सूची तैयार कर उनके निस्तारण के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। इन विवादों की नियमित निगरानी संबंधित क्षेत्राधिकारी करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के साथ समन्वय स्थापित कर पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भूमि विवादों का समयबद्ध समाधान होने से इनके कारण उत्पन्न होने वाली कानून-व्यवस्था संबंधी समस्याओं को रोकने में मदद मिलेगी। इसके लिए संबंधित अधिकारी मामलों की प्रगति पर लगातार नजर रखें और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

पारिवारिक विवादों में संवाद से समाधान पर जोर

एसएसपी ने पारिवारिक प्रकृति के विवादों में दोनों पक्षों की समस्याओं को सुनकर आपसी संवाद एवं समन्वय के माध्यम से समाधान कराने का प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना प्रभारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने, निष्पक्ष कार्रवाई करने और जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

एसएसपी अंकिता शर्मा ने निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका निष्पक्ष एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।

बदायूं पुलिस ने आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान, पारदर्शी कार्यप्रणाली और प्रभावी जनसुनवाई के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *