बलिया।डीएम-सीएमओ के आदेश हवा में! एक सप्ताह बाद भी नगरा सीएचसी पर नहीं शुरू हुआ BPMU, RBSK व प्रशासनिक कार्य

डीएम-सीएमओ के आदेश हवा में! एक सप्ताह बाद भी नगरा सीएचसी पर नहीं शुरू हुआ BPMU, RBSK व प्रशासनिक कार्य

अमर बहादुर सिंह, बलिया।

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय और मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) के स्पष्ट आदेश के बावजूद नगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर बीपीएमयू (BPMU), आरबीएसके (RBSK) यूनिट तथा वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों का संचालन अब तक शुरू नहीं हो सका है। इससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और आदेशों के अनुपालन पर सवाल उठने लगे हैं।

मुख्य चिकित्साधिकारी बलिया द्वारा 25 जून 2026 को जारी आदेश में निर्देशित किया गया था कि जिला स्वास्थ्य समिति के निर्णय के अनुसार प्रत्येक ब्लॉक की प्रशासनिक गतिविधियां संबंधित चिकित्सा इकाई से संचालित की जाएंगी। इसी क्रम में नगरा ब्लॉक के समस्त वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों के साथ BPMU और RBSK यूनिट का संचालन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नगरा से किए जाने के निर्देश दिए गए थे।

इसके बावजूद आदेश लागू होने के एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने पर भी स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं दिख रहा है। जानकारी के अनुसार अधिकांश प्रशासनिक कार्य अभी भी पुराने परिसर से ही संचालित किए जा रहे हैं, जबकि नगरा सीएचसी के नए प्रशासनिक भवन से कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी के स्पष्ट निर्देश जारी हो चुके हैं, तब भी उनका पालन न होना प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उनका मानना है कि समय पर आदेशों का अनुपालन न होने से शासन की मंशा, स्वास्थ्य सेवाओं की पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही प्रभावित होती है।

अब लोगों की निगाहें जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर टिकी हैं। सवाल यह है कि नगरा सीएचसी से प्रशासनिक संचालन आखिर कब शुरू होगा और यदि आदेशों की अवहेलना हुई है तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *