70वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन, 100 मीटर दौड़ और ऊंची कूद में खिलाड़ियों ने जीते पदक
बदायूं। पुलिस लाइन में 70वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का तीन दिवसीय आयोजन शुरू हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं, विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में बालक-बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) रामाज्ञा कुमार ने ध्वजारोहण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेलकूद से विद्यार्थियों में एकता, अनुशासन और सहयोग की भावना विकसित होती है। खेल युवाओं को श्रेष्ठ नागरिक बनाने के साथ ही देश और दुनिया में अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करते हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक लालजी यादव ने कहा कि ईमानदार और जिम्मेदार युवा ही अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। विद्यार्थियों को हमेशा संघर्षशील रहना चाहिए, क्योंकि निरंतर प्रयास और मेहनत से मंजिल हासिल करना आसान हो जाता है। इसके बाद जेडी रामाज्ञा कुमार और जिला विद्यालय निरीक्षक लालजी यादव ने संयुक्त रूप से कबूतर उड़ाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों की सलामी ली।
100 मीटर दौड़ में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-19 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में केदारनाथ इंटर कॉलेज की निशा ने प्रथम, भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज की हिना ने द्वितीय तथा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की पायल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-17 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में श्रीकृष्णा इंटर कॉलेज के आदेश कुमार प्रथम, मदन लाल इंटर कॉलेज बिसौली के अमरदीप द्वितीय तथा भगवान दास इंटर कॉलेज के सुखवीर तृतीय स्थान पर रहे।
अंडर-19 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में मुन्नालाल इंटर कॉलेज वजीरगंज के रूपेश कुमार ने पहला, श्रीकृष्णा इंटर कॉलेज के सौरभ ने दूसरा तथा पंडित दीनदयाल इंटर कॉलेज के अभिषेक ने तीसरा स्थान हासिल किया।
अंडर-17 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में राजाराम इंटर कॉलेज की वंशिका प्रथम, केदारनाथ इंटर कॉलेज की शालू द्वितीय तथा नेहरू इंटर कॉलेज रुदायन की कविता तृतीय स्थान पर रहीं।
ऊंची कूद में भी खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
जूनियर बालक वर्ग की ऊंची कूद प्रतियोगिता में श्रीकृष्णा इंटर कॉलेज के ब्रजकिशोर ने प्रथम तथा गंगादीन इंटर कॉलेज गूरा नवीगंज के कमल कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
सब-जूनियर बालक वर्ग की ऊंची कूद प्रतियोगिता में भगवान परशुराम इंटर कॉलेज के विवेक प्रथम, पीवीएस बटला के आशीष द्वितीय तथा मुन्नालाल इंटर कॉलेज वजीरगंज के सत्यम तृतीय स्थान पर रहे।
शिक्षकों और आयोजकों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
पहले दिन की प्रतियोगिताएं पीटीआई रामदास यादव, धनंजय कुमार, रमेश कुमार, जितेंद्र कुमार, रतन, दिनेश सिंह और ज्योति सक्सेना सहित अन्य के नेतृत्व में संपन्न हुईं। कुंवर रुकुम सिंह वैदिक इंटर कॉलेज के स्काउट मास्टर आशुतोष ने आकर्षक रंगोली बनाकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
प्रतियोगिता के संयोजक एवं गंगादीन इंटर कॉलेज गूरा नवीगंज के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य संजीव कुमार तोमर, कविता रस्तोगी, अल्पना कुमार, मधु, डॉ. अनीता कुमारी, संदीप भारती, संजीव कुमार, रामलड़ैते शर्मा, वीरू, योगेंद्र दीक्षित, शेर सिंह, राजीव कुमार शर्मा, करतार सिंह, रश्मि गुप्ता, आलोक पाठक, रामवीर सिंह, विजय कुमार, मधुलव शर्मा, योगेंद्र तिवारी, दीपक शर्मा, मुन्नालाल झा, अवधेश कुमार और कपिल देव यादव सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

