बलिया थाने में पिटाई से मौत का आरोप, थानाध्यक्ष लाइन हाजिर; दो पुलिसकर्मी निलंबित

बलिया थाने में पिटाई से मौत का आरोप, थानाध्यक्ष लाइन हाजिर; दो पुलिसकर्मी निलंबित

बलिया। जनपद के रेवती थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में मारपीट के आरोपों के बाद पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। प्रथम दृष्टया मामला गंभीर पाए जाने पर उपनिरीक्षक सचिन सरोज और आरक्षी अंकित सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि थानाध्यक्ष राजकेशर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) के अनुसार, गायघाट निवासी विशाल गोड़ की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि 7 जुलाई को खेदन चौराहे पर सूरज कन्नौजिया के साथ हुए विवाद के बाद 8 जुलाई को दो पुलिसकर्मी उनके पिता को थाने ले गए, जहां उनके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उनकी मृत्यु हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने पूरे प्रकरण की विवेचना क्षेत्राधिकारी लाइन को सौंप दी है, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।

इसके साथ ही प्रशासनिक फेरबदल करते हुए उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह को रेवती थाने का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

इस घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े हो गए हैं। अब सभी की नजर विवेचना पर टिकी है कि जांच में आरोप कितने सही साबित होते हैं और दोषी पाए जाने पर आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *