भदोही।ज्ञान निकेतन इंटर कॉलेज में संस्थापक स्व. संतोष कुमार मौर्य की चौथी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

ज्ञान निकेतन इंटर कॉलेज में संस्थापक स्व. संतोष कुमार मौर्य की चौथी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

शरद बिंद / भदोही। ज्ञान निकेतन इंटर कॉलेज, पिपरी (भदोही) में सोमवार को विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय संतोष कुमार मौर्य की चौथी पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में विद्यालय परिवार ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक आशीष कुमार मौर्य द्वारा स्व. संतोष कुमार मौर्य के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत संस्थापक को नमन किया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूरा विद्यालय परिसर श्रद्धा और भावनाओं से ओतप्रोत रहा।

सभा को संबोधित करते हुए शिक्षक त्रिभुवन पांडेय ने स्व. संतोष कुमार मौर्य के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। ज्ञान निकेतन इंटर कॉलेज की स्थापना कर उन्होंने क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त किया। शिक्षा और समाज सेवा के प्रति उनका समर्पण आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्व. मौर्य के आदर्शों को अपनाने, अनुशासन, परिश्रम और शिक्षा के महत्व को समझते हुए जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि संस्थापक स्व. संतोष कुमार मौर्य के सपनों को साकार करने के लिए शिक्षा की गुणवत्ता, नैतिक मूल्यों और संस्कारों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *