प्रयागराज।उपनिदेशक पंचायत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की योजनाओं की समीक्षा, प्रगति बढ़ाने के दिए निर्देश।

उपनिदेशक पंचायत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की योजनाओं की समीक्षा, प्रगति बढ़ाने के दिए निर्देश।

प्रयागराज। उपनिदेशक पंचायत प्रयागराज मंडल द्वारा मंगलवार को मंडल अंतर्गत जनपदों के समस्त एडीओ पंचायत, ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत सचिवों, डीपीएम, एडीपीएम तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) से जुड़े सभी जिला समन्वयकों (डीसी) के साथ जूम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, बायोगैस प्लांट स्थापना, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट (PWMU), रेट्रोफिटिंग कार्यों सहित पंचायत विभाग की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।

इसके अलावा उत्सव भवन, पंचायत भवन निर्माण, अन्त्येष्टि स्थल निर्माण, पंचायत कल्याण कोष तथा अन्य विभागीय योजनाओं की वर्तमान स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपनिदेशक पंचायत ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए जमीनी स्तर पर कार्यों में तेजी लाते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मंडल के सभी जनपदों के अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। उपनिदेशक पंचायत ने बेहतर कार्य करने वाले जनपदों की सराहना करते हुए अन्य जनपदों को भी प्रगति बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *