भैंस चोरी का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली; ₹5200 व तमंचा बरामद
हजरतपुर (बदायूँ)। थाना हजरतपुर पुलिस ने भैंस चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। आरोपी के कब्जे से भैंस बेचने से प्राप्त ₹5200 नकद, एक अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 17/18 मई 2026 की रात ग्राम रैपुरा से भैंस चोरी होने के संबंध में थाना हजरतपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
मंगलवार देर रात पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि भैंस चोरी की घटना में शामिल संदिग्ध व्यक्ति जमालपुर से गढ़िया शाहपुर रोड की ओर जा रहे हैं और किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भागने लगे।
पुलिस के अनुसार भाग रहे आरोपियों में से एक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिससे आरक्षी जितेंद्र सिंह घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में आरोपी पप्पू उर्फ पापू उर्फ साजन पुत्र सिकंदर उर्फ पटवारी निवासी नदरई, थाना कासगंज, जनपद कासगंज के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी और घायल आरक्षी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। उसने 17/18 मई की रात ग्राम रैपुरा में हुई भैंस चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता भी कबूल की।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध अमरोहा, अलीगढ़ और कासगंज समेत विभिन्न जनपदों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना हजरतपुर के थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक मुनेश कुमार, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार, कांस्टेबल सुरेंद्र चौधरी और कांस्टेबल सुमित भाटी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
























