सिमरी बख्तियारपुर के अलमा गांव में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 250 से अधिक मरीजों की हुई जांच
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र के अलमा वार्ड संख्या-04 में लॉर्ड बुद्धा कोसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की ओर से पूर्व मुखिया सह जदयू नेता ललन कुमार यादव के आवास परिसर में शुक्रवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही, जहां 250 से अधिक मरीजों का मुफ्त स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जरूरतमंद मरीजों के बीच नि:शुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया।
शिविर में स्त्री रोग, जनरल फिजिशियन, जनरल मेडिसिन, आईवीएफ, हड्डी रोग एवं सर्जरी से संबंधित मरीजों की जांच विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा की गई। डॉक्टरों की टीम में डॉ. आसिया तबन्नुम, डॉ. श्रेया वर्मा, डॉ. प्रिंस कुमार, डॉ. विशाल कुमार, अनुभव कुमार, डॉ. सुरभि सिंह तथा डॉ. कविता कुमारी शामिल रहीं। डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श भी दिया। मार्केटिंग ऑफिसर अम्बेडकर सादा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर इलाज मिल सके। उन्होंने बताया कि शिविर में जिन मरीजों की हालत गंभीर पाई गई, उन्हें अस्पताल की बस से सहरसा स्थित अस्पताल भेजा गया, जहां आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मुफ्त इलाज और सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
पूर्व मुखिया सह जदयू नेता ललन कुमार यादव ने कहा कि गांव में इस तरह का स्वास्थ्य शिविर लगना सराहनीय पहल है। इससे गरीब और असहाय लोगों को घर के पास ही विशेषज्ञ डॉक्टरों से इलाज कराने का अवसर मिला है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित कराने की आवश्यकता बताई।
ग्रामीण दिवाकर यादव, सौरव यादव ने कहा कि शिविर गांववासियों के लिए काफी लाभदायक साबित हुआ और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिला।
























