जौनपुर।ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ पर गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर

ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ पर गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर

पीयू में एनसीसी यूनिट ने किया आयोजन, सेना के शौर्य को किया नमन

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एनसीसी यूनिट द्वारा “ऑपरेशन सिंदूर” की प्रथम वर्षगांठ विश्वविद्यालय परिसर स्थित संकाय भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में अत्यंत उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में भारतीय सेना के पराक्रम, त्याग और राष्ट्रसेवा की भावना को याद करते हुए युवाओं को देशभक्ति का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ एनसीसी प्रभारी एवं संयोजक डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय द्वारा “ऑपरेशन सिंदूर” पर आधारित प्रेरणादायी लघु वीडियो प्रदर्शन से हुआ। उन्होंने कहा कि यह अभियान भारतीय सेना के अदम्य साहस, अनुशासन और राष्ट्रनिष्ठा का जीवंत प्रतीक है, जिसने पूरी दुनिया को भारत की संप्रभुता और सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” केवल सैन्य अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, त्याग और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित 98 यूपी बटालियन एनसीसी के पीआई हवलदार बलवीर कुमार ने बताया कि यह अभियान जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद आतंकवाद के विरुद्ध भारत सरकार की निर्णायक कार्रवाई का उदाहरण बना।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” ने यह स्पष्ट कर दिया कि आतंकवाद को संरक्षण देने वाली ताकतों को अब भारत करारा जवाब देगा। यह अभियान युवाओं को राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक सुमित सिंह ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए भारतीय सेना के साहस और शौर्य को नमन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राएं एवं विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *