अंबेडकर जयंती पर कार्यक्रम, मेधावी छात्रों को किया सम्मानित
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद मुख्यालय स्थित वार्ड 24 नेहरू मोहल्ला में मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मैट्रिक बोर्ड परीक्षा में सफल आधा दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सिमरी बख्तियारपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी जय किशन, वार्ड पार्षद सह लोजपा नगर अध्यक्ष दुर्गश्य कुमार, बेचन राम, सत्रुघन पासवान समेत अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपने संबोधन में बीडीओ जय किशन ने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। उन्होंने बच्चों को उनकी प्रेरणा से शिक्षा और मेहनत के रास्ते पर चलने का संदेश दिया। वक्ताओं ने सामाजिक एकता, समानता और शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर के आदर्शों को अपनाकर ही एक समतामूलक समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में समानता और न्याय की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस दौरान बीडीओ जय किसन को पाग व शॉल देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर के जीवनी पर प्रकाश डाले। मौके पर दिलीप पासवान, विजय पासवान, अबु हनजला, चंदन कुमार, मो. प्रवेज आलम समेत अन्य लोग मौजूद थे।
























