परिषदीय विद्यालय में अध्यनरत बच्चों की प्रत्येक जरूरत को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हूं-ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मृत्युंजय तिवारी
संजीव सिंह बलिया।बेलहरी शिक्षा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रोहुआ के समस्त परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में ‘स्कूल चलो अभियान’ एवं शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी का संयुक्त आयोजन आज सहायता प्राप्त पूर्व माध्यमिक विद्यालय शिवजी शंकर जी रोहुआ में किया गया। रैली की शुरुआत बच्चों के प्रतिदिन स्कूल आने तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्घोष के साथ हुई। बच्चों की रैली के साथ समस्त शिक्षकों ने पूरी ग्राम सभा का भ्रमण कर ग्रामवासियों से अपील की कि वे अपने बच्चों का प्रवेश परिषदीय विद्यालयों में कराएं। रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि परिषदीय विद्यालय वह स्थान है जहां प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाती है तथा बच्चों का संपूर्ण विकास होता है। ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली में प्राथमिक विद्यालय मेघा मठ के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार सिंह ने बच्चों को उल्लासपूर्ण एवं मनोरंजक नारों से प्रेरित किया।रैली के समापन पर शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि बेलहरी के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मृत्युंजय तिवारी (बबलू) रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी बेलहरी राजीव कुमार गंगवार थे। गोष्ठी की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्पण, दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुई। कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय रोहुआ की शिक्षिका अनामिका ओझा ने अतिथियों का संस्कृत स्वागत गीत से स्वागत किया। कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय रोहुआ एवं प्राथमिक विद्यालय मिल्की के बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों व अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्राथमिक विद्यालय मिल्की के शिक्षक भानु प्रताप सिंह द्वारा बच्चों की प्रस्तुतियों की तैयारी की सभी ने प्रशंसा की। प्राथमिक विद्यालय मिल्की, कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय रोहुआ, प्राथमिक विद्यालय मेघा मठ तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय रोहुआ के बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से सिद्ध किया कि भारत का वास्तविक भविष्य परिषदीय विद्यालयों में निहित है।मुख्य अतिथि मृत्युंजय तिवारी ने उद्बोधन में बच्चों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह बदलता भारत है, जहां बच्चे बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। उनकी प्रस्तुतियां सिद्ध करती हैं कि बच्चों को उत्साह और प्रोत्साहन की आवश्यकता है। ये बच्चे किसी निजी विद्यालय से कम नहीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि बच्चों की हर आवश्यकता की पूर्ति के लिए वे सदैव तैयार हैं।खंड शिक्षा अधिकारी राजीव गंगवार ने कहा कि बेलहरी शिक्षा क्षेत्र जनपद में अग्रणी है, जिसका प्रमाण हाल के निपुण आकलन में जनपद में प्रथम स्थान है।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ बलिया के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने बताया कि परिषदीय शिक्षक प्रशिक्षित एवं योग्य हैं, जो बच्चों के भविष्य का निर्माण करेंगे। एकेडमिक रिसोर्स पर्सन ब्रजेश बिहारी सिंह ने निपुण आकलन में बेलहरी के प्रदेश में 50वें स्थान का उल्लेख कर गर्व व्यक्त किया। संत राज सिंह ने कहा कि योग्य शिक्षक भारत को विकसित बनाने में मील का पत्थर साबित होंगे।
सेवानिवृत्त शिक्षक विद्यासागर दुबे ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चे भयरहित एवं उल्लासपूर्ण शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जो संविधान के अनुरूप है।न्याय पंचायत बिगही सहित बेलहरी शिक्षा क्षेत्र के शिक्षकों ने भाग लिया। सेवानिवृत्त शिक्षिका उषा देवी का सम्मान स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र से किया गया। अतिथियों का स्वागत प्रधानाध्यापक पुष्पराज सिंह, सुधीर कुमार सिंह, विजयपाल सिंह, राघवेंद्र सिंह आदि ने किया।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा 2025 में सफल उच्च प्राथमिक विद्यालय रोहुआ के छात्र सत्यम को प्रमोद कुमार कुंवर एवं जितेंद्र पांडे के सहयोग से सम्मानित किया गया। उनके पठन-पाठन की जिम्मेदारी प्राथमिक विद्यालय मिल्की के प्रधानाध्यापक राजीव कुमार उपाध्याय, भानु प्रताप सिंह एवं संतोष कुमार पाठक निभा रहे हैं।कार्यक्रम में कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय रोहुआ के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार दुबे, रवि रंजन यादव, रतन कुमार वर्मा, अनामिका ओझा आदि, प्राथमिक विद्यालय मिल्की के राजीव कुमार उपाध्याय, भानु प्रताप सिंह, प्राथमिक विद्यालय मेघा मठ के राजेश कुमार सिंह आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। सैकड़ों शिक्षक जैसे रणजीत कुमार सिंह, विनीत कुमार सिंह आदि तथा ग्रामवासी जैसे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राजेश कुमार सिंह, भाजपा नेता नारद सिंह आदि उपस्थित रहे। वरिष्ठ शिक्षक सुनील कुमार दुबे ने धन्यवाद दिया। संचालन पूर्व समन्वयक एवं प्रधानाध्यापक डॉ. शशि भूषण मिश्र ने किया।
























