सहरसा जिला स्थापना दिवस पर दियारा क्षेत्र के स्कूलों में प्रभात फेरी व प्रतियोगिताएं
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड के पूर्वी कोसी तटबंध के भीतर दियारा – फरकिया क्षेत्र में सहरसा जिला स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को विभिन्न विद्यालयों में उत्साहपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। संकुल समन्वयक सह बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ सलखुआ के प्रखंड अध्यक्ष सुदर्शन कुमार गौतम के नेतृत्व में मध्य विद्यालय रैठी समेत संकुल के कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकालकर लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के बीच निबंध लेखन, चित्रकला, वाद-विवाद सहित अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को शिक्षक नेता सुदर्शन कुमार गौतम ने अपने हाथों से पुरस्कृत किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के बीच टॉफी व मिठाइयां भी वितरित कीं।
साथ ही छात्र-छात्राओं को बाल विवाह और नशा से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में काफी उत्साहपूर्ण और खुशहाल माहौल बना रहा।
मौके पर शिक्षक नेता सुदर्शन कुमार गौतम, प्रधानाध्यापक शिवकुमार, प्रधान शिक्षक जयकृष्ण यादव, परमानंद कुमार, राजेश जोशी, नवनीत कुमार, सरिता कुमारी, अजीत कुमार, दिगंबर, शंकर, प्रमोद, गुरुदेव सहित कई शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
























