तेज आंधी व ओलावृष्टि के साथ हुई बारिश से मक्का एवं गेहूं फसल को भारी नुकसान, किसान चिंतित
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
बिहार के विभिन्न जिले में मंगलवार की रात आई तेज आंधी व ओलावृष्टि से फसल व फूस एवं एलबेस्टस का घर को काफी नुकसान हुआ है, वही कई जगह वृक्ष व बिजली पोल गिरने से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सहरसा जिले के
सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल मुख्यालय समेत सलखुआ प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार की देर रात आई तेज आंधी और ओलावृष्टि के साथ बारिश से मक्का की फसल को भारी नुकसान हुआ है। अचानक बदले मौसम के कारण खेतों में लगी फसल गिरकर धराशायी हो गई, जिससे किसानों को आर्थिक झटका लगा है।इसके अलावा फुस व एलबेस्टस, टीन (चदरा) के घर को काफी नुकसान हुआ है। तेज आंधी से बिजली आपूर्ति भी बाधित रहा। 
सलखुआ प्रखंड क्षेत्र के उटेसरा, मोबारकपुर, बहुअरवा, कबीरा, साम्हरखुर्द, चानन, अदानी, गोरदह और कोपरिया समेत कई गांवों के बहियार में सैकड़ों एकड़ में लगी मक्का फसल तेज हवा व ओलावृष्टि के कारण टूटकर गिर गई। किसानों का कहना है कि इस नुकसान से उनकी कमर टूट गई है और कई किसान पहले से ही कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं।किसान लक्षेन्द्र सिंह, ललन कुमार, रामचंद्र यादव, महेन्द्र यादव, लक्ष्मी यादव, राजकुमार सादा, अमोली महतो, रामभरोस महतो और जयकुमार चौधरी, उदेश महतो, रौबिन यादव सहित अन्य किसानों ने बताया कि मक्का फसल के बर्बाद होने से उन्हें शारीरिक और आर्थिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने प्रशासन से फसल व गृह क्षति का आकलन कर मुआवजा देने की मांग की है।
























