सलखुआ के मजदूर की लखनऊ में सड़क हादसे में मौत, दिल्ली से फर्नीचर सामान लेकर लौट रहा था ट्रक
एकमात्र कमाने वाले के निधन से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, गांव में मातम
राकेश कुमार यादव,सहरसा (बिहार)
सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड के हरेवा पंचायत अंतर्गत खजुराहा गांव निवासी एक मजदूर की सड़क हादसे में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी भरत शाह अपने साथियों के साथ दिल्ली से फर्नीचर का सामान खरीदकर ट्रक से सलखुआ लौट रहे थे। इसी दौरान सोमवार को करीब 4 बजे लखनऊ में ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में चालक, सह चालक और भरत शाह बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके साथ काम करने वाले ग्रामीण मजदूर श्रवण राम के 32 वर्षीय पुत्र बबलू राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही खजुराहा गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने बताया कि बबलू राम परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे। उनके निधन से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। घर के लोगों का कहना है कि अब परिवार का गुजारा कैसे होगा, यह बड़ी चिंता बन गई है।
बताया जा रहा है कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया जा रहा है। गांव में शोक का माहौल है और लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।
शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे लोग…..
घटना की जानकारी मिलने के बाद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता ओमप्रकाश नारायण शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे। उनके साथ पूर्व प्रमुख इंद्रदेव यादव, छात्र नेता प्रशांत कुमार और ग्रामीण मनोज यादव समेत कई लोग मौजूद थे। सभी ने परिजनों को सांत्वना दी और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
























