सलखुआ में पतंजलि योगपीठ की सात दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ, बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
योग गुरु बाबा रामदेव द्वारा संचालित पतंजलि योगपीठ के सलखुआ इकाई की ओर से सहरसा जिले के महंत मिट्ठू दास उच्च विद्यालय सलखुआ के मैदान में आयोजित सात दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन मंगलवार को दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता का० ओमप्रकाश नारायण तथा योग प्रशिक्षक डॉ. संजय देव जी महाराज ने संयुक्त रूप से किया।
उद्घाटन सत्र में पतंजलि से जुड़े चंदेश्वरी प्रसाद यादव, शिक्षक धर्मेंद्र यादव, पूर्व उप प्रमुख इंद्रदेव यादव, प्रभु नारायण यादव, शंकर कुमार, समाजसेवी गजेंद्र प्रसाद यादव, रतीलाल यादव, अरुण यादव, शिक्षक अरविंद शाह, जनार्दन मेहता, राधा कुमारी, शिक्षक अनिरुद्ध सिंह तथा शिक्षक अशोक सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
योग प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, नौजवान, शिक्षक, महिलाएं तथा वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। पूरे कार्यक्रम में योग को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर उद्घाटनकर्ता ओमप्रकाश नारायण ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विद्या है, जो आज पूरी दुनिया में फैल चुकी है। उन्होंने लोगों से नियमित योग करने की अपील करते हुए कहा कि “करो योग, रहो निरोग” का संदेश हर व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
वहीं प्रशिक्षक डॉ. संजय देव जी महाराज ने कहा कि योग के माध्यम से शरीर के अंदर होने वाली कई बीमारियों से राहत मिलती है। आज योग की बदौलत दुनिया भर के लोग स्वस्थ जीवन जी रहे हैं। उन्होंने शिविर के दौरान नियमित अभ्यास करने और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।शिविर के दौरान आने वाले सात दिनों तक विभिन्न योगासन, प्राणायाम और स्वास्थ्य से जुड़े अभ्यास कराए जाएंगे।
























