बिहार दिवस पर कार्यक्रमों की धूम, बच्चे पुरस्कृत विद्यालयों में प्रभातफेरी, रंगोली, पेंटिंग, क्विज, लेखन व निबंध प्रतियोगिता आयोजित
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
बिहार दिवस के अवसर पर सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल में विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रमों की धूम रही। सोमवार को आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अनुमंडल मुख्यालय स्थित कला भवन में चल रहे तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह के दूसरे दिन कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सलखुआ प्रखंड के मध्य विद्यालय रैठी, उटेसरा, गोसपुर तथा सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के कन्या उच्च विद्यालय सिमरी बख्तियारपुर, रायपुरा समेत अन्य शिक्षण संस्थानों के बच्चों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
मध्य विद्यालय रैठी में बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष सह संकूल समन्वयक सुदर्शन कुमार गौतम के नेतृत्व में प्रभातफेरी निकाली गई। इसके साथ ही रंगोली, पेंटिंग, क्विज, लेखन और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। वहीं, सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र के हाई स्कूल के समीप स्थित कला भवन में अनुमंडल स्तरीय तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यहां विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने दहेज प्रथा समेत कई सामाजिक विषयों पर नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।कार्यक्रम ‘उन्नत बिहार-उज्ज्वल बिहार’ थीम के तहत आयोजित किया जा रहा है। शिक्षक नेता सुदर्शन कुमार गौतम ने कहा कि अनुमंडल क्षेत्र के विद्यालयों के बच्चों ने बेहतरीन प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को सफल बनाया है।
इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी जयकिशन, शिक्षक अशोक कुमार सिंह, रंजीत कुमार, मो. परवेज आलम, चंदन कुमार चौधरी,मो. अकवर आलम, विनय कुमार भारती, चंदन कुमार, मो. निगार आलम, मो. माहिर अली, तुषार देव सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
























