सिंगरामऊ–लालगंज गौरामाफी मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का हुआ भूमिपूजन
जौनपुर/बदलापुर। क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए सिंगरामऊ–लालगंज गौरामाफी मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भूमिपूजन सोमवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने विधिवत पूजन-अर्चन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि सड़क के चौड़ीकरण से क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर कुल 1174.81 लाख रुपये की लागत आएगी, जिससे कई गांवों को बेहतर संपर्क मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में कुंवर जय सिंह (जय बाबा), बद्री नाथ शास्त्री, रामगुन मिश्र, लाल बाबा, अशोक मौर्य, विनोद तिवारी, अशोक उपाध्याय, जेलर मौर्य, अशोक मिश्र, अम्बुज तिवारी, धर्मराज सरोज, राकेश तिवारी, पप्पू रजक, दयाशंकर सिंह सहित कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
























