सहरसा (बिहार)।मोटरसाइकिल देने से मना किया तो युवक पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में सहरसा रेफर

मोटरसाइकिल देने से मना किया तो युवक पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में सहरसा रेफर

राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार) 

मोटरसाइकिल देने से इनकार करने पर सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र के ब्लॉक चौक के पास सोमवार दोपहर एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार सलखुआ गोठ वार्ड-3 निवासी 25 वर्षीय सुनील कुमार (पिता- वकील यादव) बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान ब्लॉक चौक के पास सलखुआ गोठ निवासी निक्सन कुमार (पिता- स्व. सुड्डू यादव) ने उससे जबरन मोटरसाइकिल मांगनी शुरू कर दी। सुनील के मना करने पर आरोपित ने चाकू निकालकर उसकी गर्दन पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना पर डायल-112 के एएसआई एमडी तालिब हुसैन मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलखुआ पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया।

इधर घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। घायल बेटे की हालत देखकर परिजन रोने-बिलखने लगे।

मामले की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजना कुमारी के निर्देश पर एसआई स्वीटी कुमारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचीं और घायल से घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच में जुट गई हैं। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *