कोपरिया शर्मा टोला में भीषण आग से 10 घर राख, लाखों की संपत्ति स्वाहा
पूर्व विधायक डॉ. अरूण कुमार ने अग्नि पीड़ितों के बीच पहुंचकर बांटी राहत सामग्री
राकेश कुमार यादव सहरसा (बिहार)
सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड क्षेत्र के कोपरिया स्थित शर्मा टोला में लगी भीषण आग में 10 घर जलकर पूरी तरह राख हो गए। आगलगी की इस घटना में लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति, अनाज, कपड़ा, फर्नीचर एवं अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद पूरे टोले में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
मंगलवार को पूर्व विधायक डॉ. अरूण कुमार ने अग्नि पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर राहत सामग्री का वितरण किया और प्रभावित परिवारों का हाल-चाल जाना। उन्होंने पीड़ितों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने वस्त्र एवं आवश्यक उपयोग की सामग्रियां उपलब्ध कराईं।
पूर्व विधायक ने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र उचित सरकारी मुआवजा दिया जाए, ताकि वे दोबारा अपना आशियाना खड़ा कर सकें। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सभी को मिलकर पीड़ितों की सहायता करनी चाहिए।
इस मौके सलखुआ के मुखिया रणवीर यादव, पैक्स अध्यक्ष राजधर यादव, अरूण यादव, संजीव कुमार भारती समेत अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
























