सहरसा (बिहार)।परीक्षा की तैयारी हमारी साझा जिम्मेदारी, मिलकर करेंगे बच्चों का समग्र विकास: सुदर्शन गौतम

परीक्षा की तैयारी हमारी साझा जिम्मेदारी, मिलकर करेंगे बच्चों का समग्र विकास: सुदर्शन गौतम

राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार) 

सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड के पूर्वी कोशी तटबंध के फरकिया दियारा क्षेत्र में चिड़ैयां संकुल के अंतर्गत मध्य विद्यालय रैठी समेत कई विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संकुल समन्वयक सह प्रखंड अध्यक्ष बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ सलखुआ के सुदर्शन कुमार गौतम ने किया। इस माह का थीम “परीक्षा की तैयारी- हमारी साझा जिम्मेदारी” रखा गया।

संगोष्ठी में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने भाग लिया। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अभिभावकों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। बैठने, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था की गई थी। अभिभावकों को मध्याह्न भोजन भी चखाया गया, जिसे सभी ने सराहा। विद्यालय की दीवारों पर अंकित नवीन मीनू को छात्र-छात्राओं ने पढ़कर अभिभावकों को सुनाया।

अपने संबोधन में सुदर्शन कुमार गौतम ने शिक्षकों से अपील करते हुए कहा कि 12 मार्च से पूर्व सभी विषयों की तैयारी पूर्ण करा ली जाए, ताकि वार्षिक परीक्षा में बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि विद्यालय के प्रति उनकी सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। घर पर बच्चों के लिए अनुकूल शिक्षण वातावरण बनाएं, उन पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि संवाद, प्रोत्साहन और प्रशंसा के माध्यम से उनका आत्मविश्वास बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि अभिभावक प्रतिदिन बच्चों की कॉपी जांचें, होमवर्क और पढ़ाए गए विषयों की जानकारी लें। बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन दें तथा पर्याप्त नींद सुनिश्चित करें। समय-समय पर उनकी समझ की भी जांच करते रहें। संगोष्ठी का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे की सीखने की गति, रुचि और आवश्यकता को समझना तथा शैक्षणिक प्रगति पर संवाद स्थापित करना है। साथ ही स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया रोकथाम और नियमित उपस्थिति पर भी चर्चा की गई।

सुदर्शन गौतम ने कहा कि अभिभावक घर और विद्यालय के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उनके सहयोग से बच्चों के शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत विकास के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जा सकता है। कार्यक्रम में परमानंद कुमार, राजेश जोशी, सरिता कुमारी, अजीत कुमार, दिगंबर, गुरुदेव, प्रमोद, शंकर, रीना, ममता, ज्योति, मंजू, आरती, ब्रह्मदेव सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *