राजा हरपाल सिंह महाविद्यालय में 61वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘विहंगम’ का शुभारंभ
सिंगरामऊ (जौनपुर)। स्थानीय राजा हरपाल सिंह महाविद्यालय में 61वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘विहंगम’ का भव्य शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रबंधक कुंवर जय सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उद्योगपति एवं समाजसेवी ज्ञानप्रकाश सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्रा सरस्वती रचना मौर्य द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ज्ञानप्रकाश सिंह ने छात्रों को बड़े लक्ष्य तय करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि छोटा लक्ष्य सोचना भी एक तरह की भूल है। सफल व्यक्ति कोई अलग काम नहीं करता, बल्कि हर काम को अलग और बेहतर ढंग से करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अभी से यह तय करने को कहा कि आने वाले पांच वर्षों में वे खुद को किस पहचान के साथ देखना चाहते हैं और उसी दिशा में मेहनत करें।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह ने महाविद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए शैक्षिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रबंधक कुंवर जय सिंह ने कहा कि महानता धन-दौलत से नहीं बल्कि व्यक्ति की सरलता और सद्गुणों से प्राप्त होती है। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘प्रतिभा’ का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर जय कुमार मिश्र ने किया तथा क्रीड़ा प्रभारी मेजर सत्यप्रकाश सिंह ने आभार व्यक्त किया। अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
























