ब्रेन ट्यूमर से जूझ रहा रिक्शाचालक फरहान, ऑपरेशन के लिए 8 लाख की दरकार
25 फरवरी को पीजीआई लखनऊ में सर्जरी प्रस्तावित, मदद को उठे हाथों की आस
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
सहरसा जिले के नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर के वार्ड संख्या 17 बस्ती निवासी मो. फरहान अली उर्फ ‘मिस कॉल’ इन दिनों जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। पेशे से रिक्शा चालक फरहान पिछले छह माह से ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। आर्थिक तंगी के बीच अब उनके सामने इलाज के लिए रकम जुटाना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।
परिजनों ने बताया कि फरहान की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली और पटना के अस्पतालों में दिखाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने ब्रेन ट्यूमर की पुष्टि करते हुए शीघ्र ऑपरेशन की सलाह दी। आगामी 25 फरवरी को पीजीआई लखनऊ में सर्जरी प्रस्तावित है। इलाज और ऑपरेशन में करीब सात से आठ लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है, जो परिवार की सामर्थ्य से बाहर है।
रोज कमाकर परिवार चलाने वाले फरहान बीमारी के कारण पिछले कई महीनों से काम करने में असमर्थ हैं। घर की माली हालत पहले से ही कमजोर है। पत्नी और दो मासूम बेटियों—एक डेढ़ वर्ष व दूसरी चार वर्ष—की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। ऐसे में महंगे इलाज का खर्च परिवार के लिए असंभव सा हो गया है।
भावुक अपील करते हुए फरहान ने कहा, “मैं रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था, लेकिन आज खुद गंभीर बीमारी से जूझ रहा हूं। अगर समय पर ऑपरेशन नहीं हुआ तो जान का खतरा है।”
फरहान और उनके परिजनों ने फोन पे नंबर 6203817810 पर समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों तथा आम लोगों से आर्थिक सहयोग की गुहार लगाई है ताकि समय रहते ऑपरेशन हो सके और उनकी जिंदगी बचाई जा सके। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन व सामाजिक संगठनों से आगे आकर पीड़ित परिवार की मदद करने की अपील की है।
























