Sunday, February 15

सहरसा (बिहार)।लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर जोर, एसडीपीओ ने थानाध्यक्षों संग की क्राइम मीटिंग

लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर जोर, एसडीपीओ ने थानाध्यक्षों संग की क्राइम मीटिंग

राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार) 

सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर गुरुवार को एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक एसडीपीओ कार्यालय में हुई, जिसमें अनुमंडल के सभी थानाध्यक्ष शामिल हुए।

मीटिंग के दौरान एसडीपीओ ने थानों में लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मामलों का गंभीरता से अनुसंधान कर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने न्यायालय से निर्गत वारंटों की नियमित समीक्षा कर वांछित अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया।

एसडीपीओ ने थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों के गुंडा पंजी में दर्ज अपराधियों की अद्यतन जानकारी रखने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री या कारोबार की सूचना मिलने पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में थानेवार लंबित कांड, प्राप्त शिकायतें, लंबित अनुसंधान, गैर-जमानती वारंटों के निष्पादन, नोटिसों के तामिले सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने के लिए रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

क्राइम मीटिंग में बख्तियारपुर थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार, सलखुआ थानाध्यक्ष संजना कुमारी, बनमा इटहरी थानाध्यक्ष खुशबू कुमारी सहित विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *