Monday, February 16

बलिया।नगरा स्टेट के वंशज विनोद सिंह की तेरहवीं आज संपन्न, क्षेत्र में शोक का माहौल

नगरा स्टेट के वंशज विनोद सिंह की तेरहवीं आज संपन्न, क्षेत्र में शोक का माहौल

  संजीव सिंह बलिया/नगरा।क्षेत्र के लिए अत्यंत दुःखद समाचार है कि नगरा स्टेट के नाम से प्रसिद्ध प्रतिष्ठित जमींदार स्व. बाबू फतेह बहादुर सिंह के नाती एवं श्री रमेश बहादुर सिंह के सुपुत्र, श्री राजेन्द्र बहादुर सिंह उर्फ विनोद सिंह के आकस्मिक निधन के उपरांत आज उनका तेरहवीं श्राद्ध कार्यक्रम श्रद्धा एवं भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

स्वर्गीय विनोद सिंह इंटर कॉलेज में बड़े बाबू के पद से सेवानिवृत्त थे। अपने सेवा काल में वे कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं सरल स्वभाव के लिए विशेष रूप से जाने जाते रहे। सेवानिवृत्ति के बाद पूज्य पिता जी के निधन उपरांत उन्होंने क्षेत्र में पशुओं के दवा-इलाज एवं उपचार सेवा का कार्य आरंभ किया, जिसे वे जीवनपर्यंत निस्वार्थ भाव से करते रहे। बीमार पशुओं की सेवा, ग्रामीणों की सहायता तथा समाज के प्रति संवेदनशीलता उनके जीवन की पहचान रही।

तेरहवीं श्राद्ध कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

इससे पूर्व उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ था, जहां वे पंचतत्व में विलीन हो गए थे। अंतिम संस्कार में भी भारी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही।

दिवंगत के पीछे पुत्र शिक्षक एवं समाजसेवी राज बहादुर सिंह उर्फ अंशू सिंह एवं टिंकू सिंह सहित भरा-पूरा परिवार शोकाकुल है। उनके निधन से पूरे नगरा एवं आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर व्याप्त है। लगातार लोगों का उनके आवास पर पहुंचना और श्रद्धांजलि अर्पित करने का क्रम जारी है।

क्षेत्र ने एक सेवाभावी, सरल एवं कर्मठ व्यक्तित्व को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *