
सपा जहाँ जाती है, वहाँ भाजपा की जीत तय — ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा प्रहर
आज़मगढ़।सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए बड़ा राजनीतिक दावा किया है। अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन वर्ष 2047 तक सत्ता में बना रहेगा, क्योंकि विपक्ष जनता का भरोसा खो चुका है।
सपा के प्रचार पर कसा तंज
राजभर ने महाराष्ट्र के हालिया चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि वहाँ समाजवादी पार्टी के सांसदों और विधायकों ने जमकर प्रचार किया, लेकिन पार्टी को एक भी सीट नसीब नहीं हुई।
वहीं उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा—“समाजवादी पार्टी जहाँ-जहाँ जाती है, वहाँ भाजपा की जीत तय हो जाती है। चाहे राजस्थान हो, हरियाणा हो या महाराष्ट्र—सपा की मौजूदगी भाजपा के लिए फायदेमंद साबित होती है।”
मुस्लिम वोट बैंक और ओवैसी पर टिप्पणी
महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों में AIMIM की सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि अब मुस्लिम समाज केवल वोट देने की मशीन बनकर नहीं रहना चाहता।
उन्होंने कहा कि मुस्लिम मतदाता अब शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर सोच-समझकर निर्णय ले रहा है, इसी कारण ओवैसी को समर्थन मिला।
सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुसलमानों ने बार-बार सपा को सत्ता सौंपी, लेकिन बदले में उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिला।
2027 नहीं, 2047 तक एनडीए की सरकार का दावा
विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पूछे गए सवाल पर राजभर ने स्पष्ट शब्दों में कहा—
“सिर्फ 2027 ही नहीं, बल्कि 2047 तक उत्तर प्रदेश में एनडीए की सरकार रहेगी। अब जनता जाति या भावनाओं के आधार पर नहीं, बल्कि विकास और काम के आधार पर मतदान कर रही है।”
आरक्षण और परिवारवाद पर सफाई दी पार्टी में परिवारवाद के आरोपों पर राजभर ने कहा कि जो भी पार्टी के लिए ईमानदारी से काम करता है, वही उनका परिवार है।
उन्होंने बताया कि दलितों, पिछड़ों और महिलाओं के आरक्षण को लेकर वे गंभीर हैं और इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर इन वर्गों के लिए सीटें सुरक्षित करने की मांग कर चुके हैं।
विवादित बयान से मचा राजनीतिक बवाल
प्रेस वार्ता के दौरान दिए गए एक बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
एक सवाल के जवाब में राजभर द्वारा यह कहे जाने का दावा किया गया कि 18 जनवरी (रविवार) को खजूरी स्थित विश्ववाणी जूनियर हाई स्कूल के मैदान में बिना लाइसेंस के हथियार बांटे जाएंगे—जिसे जरूरत हो, वह आकर ले जाए।
इस कथन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर संज्ञान लिए जाने की संभावना जताई जा रही है, वहीं विपक्ष ने इसे लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है।























