Sunday, February 15

सहरसा (बिहार)।एलएंडटी फाइनेंस कर्मी से लूट मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय भेजा गया।

एलएंडटी फाइनेंस कर्मी से लूट मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय भेजा गया।

राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)। जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र से बीते 10 जनवरी को एलएंडटी फाइनेंस कंपनी के कर्मी से हुई लूट की घटना में पुलिस को सफलता मिली है। इस मामले में पुलिस ने एक अप्राथमिकी अभियुक्त छोटू कुमार को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय, सहरसा में प्रस्तुत किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खगड़िया जिला अंतर्गत महेशखूंट निवासी गुड्डू कुमार एलएंडटी फाइनेंस कंपनी में कर्मी हैं। वह प्रतिदिन की तरह 10 जनवरी को विभिन्न गांवों में कलेक्शन कार्य कर रहे थे। दोपहर करीब 11 बजे वह एक गांव पहुंचे, जिसके बाद दोपहर 12:15 बजे हमीदपुर के लिए प्रस्थान किया।

इसी दौरान गांव से कुछ दूरी पर बांसवाड़ी के समीप एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दो बदमाशों ने उनका हाथ पकड़ लिया, जबकि तीसरे युवक ने पिस्टल दिखाकर उनके पैंट की जेब से 49,300 रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़ित कर्मी ने बख्तियारपुर थाना में लिखित सूचना दी, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। इस संबंध में बख्तियारपुर थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार ने बताया कि लूट कांड में छापेमारी कर एक बदमाश को पहाड़पुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायालय भेज दिया गया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *