
संतमत सत्संग के 63वें वार्षिक अधिवेशन को लेकर भूमि पूजन सम्पन्न।
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के सकरा पहाड़पुर पंचायत अंतर्गत बाबा नागेश्वर नाथ शिव मंदिर, मझवा के प्रांगण में सहरसा जिला संतमत सत्संग के 63वें वार्षिक अधिवेशन को लेकर विधिवत भूमि पूजन का आयोजन किया गया। भूमि पूजन कार्यक्रम पूरे विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर उपस्थित संत परम पूज्य आचार्य महर्षि दिनेशानन्द परमहंस जी महाराज ने बताया कि संतमत सत्संग का 63वां वार्षिक अधिवेशन आगामी 07 एवं 08 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसी को लेकर आयोजन स्थल पर भूमि पूजन कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई है।
आचार्य महर्षि दिनेशानन्द परमहंस जी महाराज ने कहा कि यह अधिवेशन आध्यात्मिक चेतना के जागरण, सत्संग एवं समाज में नैतिक मूल्यों के प्रसार का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से अधिवेशन में भाग लेने का आह्वान किया।
भूमि पूजन कार्यक्रम में सहरसा जिला संतमत सत्संग के जिला अध्यक्ष रणधीर कुमार राकेश, महामंत्री अनिरुद्ध कुमार पटेल, मंत्री रतन कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में संतमत अनुयायी एवं स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत बना रहा।
























