यूपी के 1700 से अधिक लिपिकों का बढ़ेगा वेतन, ग्रेड पे बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजा।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में कार्यरत लिपिकों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद अब उनका ग्रेड वेतन बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है, जिससे हर महीने वेतन में अच्छा इजाफा होगा।
प्रदेश के 3049 अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में कार्यरत 1700 से अधिक लिपिकों का वेतन बढ़ने की उम्मीद जगी है। शिक्षा निदेशालय ने लिपिकों का ग्रेड वेतन 1900 से बढ़ाकर 2000 करने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो प्रत्येक लिपिक को प्रतिमाह औसतन करीब तीन हजार रुपये का लाभ होगा।
लिपिक लंबे समय से ग्रेड वेतन में वृद्धि की मांग कर रहे थे। इस संबंध में अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) कामताराम पाल की ओर से 28 नवंबर 2025 को शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। इसके बाद शासन के संयुक्त सचिव वेद प्रकाश राय ने 29 दिसंबर को लिपिकों की संख्या और इससे होने वाले वित्तीय भार की जानकारी मांगी है।
प्रदेश में संचालित 3049 एडेड जूनियर हाईस्कूलों में सबसे अधिक 118 विद्यालय आजमगढ़ जिले में हैं। इसके बाद जौनपुर में 109 और प्रयागराज में 106 विद्यालय हैं। वहीं, ललितपुर में सबसे कम दो, सोनभद्र में चार, श्रावस्ती में आठ और भदोही में नौ विद्यालय संचालित हैं।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सभी जानकारियां उपलब्ध कराने के बाद प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लिए जाने की संभावना है, जिससे लिपिकों को जल्द ही वेतन बढ़ोतरी का लाभ मिल सकेगा।
























