नलकूप कनेक्शन के नाम नगरा पावर हाउस पर 25 हजार की अवैध वसूली, एक साल बाद भी नहीं मिला कनेक्शन
संजीव सिंह बलिया।नगरा पावर हाउस में नलकूप कनेक्शन देने के नाम पर घूसखोरी और उपभोक्ता के शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित नगरा निवासी शिवकुमार यादव पुत्र शिवचंद यादव ने आरोप लगाया है कि वह 15 दिसंबर 2024 को अपनी माता उमरावती देवी के नाम से नलकूप का विद्युत कनेक्शन लेने के लिए नगरा पावर हाउस गए थे।
पीड़ित के अनुसार, पावर हाउस में तैनात लाइन मैन अजय गुप्ता और कंप्यूटर ऑपरेटर अजितेश यादव ने नलकूप कनेक्शन के लिए 25,000 रुपये की मांग की। जबकि विभागीय नियमों के अनुसार नलकूप कनेक्शन का शुल्क लगभग 6,000 रुपये ही है। मजबूरी में पीड़ित ने दोनों कर्मचारियों को 25,000 रुपये दे दिए।
आरोप है कि इतनी बड़ी रकम देने के बावजूद आज तक, लगभग एक वर्ष बीत जाने के बाद भी नलकूप का कनेक्शन नहीं दिया गया। इस दौरान पीड़ित को बार-बार झूठे आश्वासन देकर गुमराह किया गया और मानसिक व आर्थिक रूप से परेशान किया जाता रहा। कनेक्शन न मिलने से खेती-किसानी पर भी बुरा असर पड़ा है।
पीड़ित शिवकुमार यादव ने इसे विभागीय कर्मचारियों द्वारा किया गया खुला भ्रष्टाचार और उपभोक्ता शोषण बताया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर लाइन मैन अजय गुप्ता और कंप्यूटर ऑपरेटर अजितेश यादव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, साथ ही ली गई अवैध रकम वापस दिलाने की भी मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आम उपभोक्ताओं का विभाग से विश्वास उठ जाएगा। अब देखना यह है कि बि⁹जली विभाग के उच्च अधिकारी इस गंभीर आरोप पर क्या कदम उठाते हैं।
























