Sunday, February 15

बदायूँ।बेरोजगारी और महंगाई आज की सबसे बड़ी समस्या : आदित्य यादव

बेरोजगारी और महंगाई आज की सबसे बड़ी समस्या : आदित्य यादव

बिल्सी क्षेत्र में जनसंपर्क व PDA पंचायत, भाजपा पर साधा निशाना

बदायूँ । समाजवादी पार्टी के बदायूँ लोकसभा क्षेत्र से सांसद आदित्य यादव ने सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र बिल्सी में व्यापक जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत कछला, नगर पालिका उझानी सहित कुडानरसिंह, संजरपुर, रिसौली, सिरसोल, बांस बरौलिया, गड़रपुरा, मूसेपुर और रमनगला गांवों का भ्रमण कर लोगों की समस्याएं सुनीं।

ग्राम रमनगला में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद आयोजित PDA पंचायत को संबोधित करते हुए सांसद आदित्य यादव ने कहा कि आज देश और प्रदेश की सबसे गंभीर समस्या बेरोजगारी है। पढ़े-लिखे युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार के पास कोई ठोस नीति नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान खतरे में है और भाजपा सरकार इसकी मूल भावना,समानता, सामाजिक न्याय और लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। समाज को बांटने की राजनीति कर जनता का ध्यान बेरोजगारी, महंगाई और विकास जैसे ज्वलंत मुद्दों से भटकाया जा रहा है। ऐसे समय में हर वर्ग को एकजुट होकर अपने एक-एक वोट की ताकत से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करनी होगी। महंगाई पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। वहीं किसान खाद की कमी, आवारा पशुओं और महंगी बिजली से परेशान हैं, जिससे खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है, जो भाजपा सरकार की विफलता को दर्शाता है।

आदित्य यादव ने कहा कि माननीय अखिलेश यादव की PDA नीति सामाजिक न्याय और समान विकास की मजबूत नींव है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार, महिलाओं को पेंशन, छात्रों को लैपटॉप और किसानों को सम्मान दिया जाएगा।

अंत में उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाकर विकास, भाईचारे और सामाजिक न्याय की सरकार बनाई जाएगी।

इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, पूर्व विधायक हाजी बिट्टन, पूर्व विधान परिषद सदस्य प्रेमपाल सिंह यादव, सुनील यादव, उदयवीर शाक्य, देवेंद्र गौतम, मुबीन फरीदी, भूपेंद्र दिवाकर, अखिलेश यादव, अनिल यादव, ध्रुव यादव, अनवर सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *