संगठित हिंदू समाज से ही सशक्त और विकसित भारत का निर्माण : प्रदीप जोशी
जौनपुर/बदलापुर।बदलापुर खंड के सरोखनपुर मंडल में सोमवार को हिंदू सम्मेलन का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। सम्मेलन के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह-प्रचार प्रमुख प्रदीप जोशी ने कहा कि भारत को शक्तिशाली, समर्थ और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हिंदू समाज का संगठन और जागरण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि हिंदू समाज के जागरण का कार्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा वर्ष 1925 में प्रारंभ किया गया था। वर्ष 2025 में संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इसी शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य समाज को संगठित और जागरूक करना है।
मुख्य वक्ता ने कहा कि भारत की ज्ञान, संस्कृति और परंपरा अत्यंत गौरवशाली रही है। देश में अनेक ऐसे महापुरुष हुए हैं जिन्होंने समय-समय पर हिंदू समाज को संगठित करने और जागृत करने का कार्य किया। उन्होंने बताया कि संघ समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए पांच प्रमुख आयामों पर कार्य कर रहा है, जिनमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी भावना का जागरण तथा नागरिक कर्तव्यों का बोध शामिल है। इन प्रयासों से समाज और राष्ट्र दोनों का समग्र विकास संभव है।
सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे संत दयाशंकर महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में सर्व हिंदू समाज का संगठित होना अत्यंत आवश्यक है। विशिष्ट अतिथि सीमा सिंह ने कहा कि भारतीय समाज में मातृशक्ति का विशेष स्थान रहा है। महारानी अबक्का, अहिल्याबाई होलकर और रानी लक्ष्मीबाई जैसी वीरांगनाओं ने देश और समाज को नई दिशा दी है।
विशिष्ट अतिथि लल्लन राम सरोज ने कहा कि हिंदू समाज विविधताओं से भरा हुआ एकात्म समाज है, जिसकी शक्ति उसकी एकता में निहित है। कार्यक्रम में जौनपुर विभाग के विभाग प्रचारक आदित्य जी, सह विभाग प्रचारक प्रेम प्रकाश जी, विभाग कार्यवाह डॉ. नितेश जी, जिला प्रचारक राजेंद्र जी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, कार्यकर्ता और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
























