शीतलहर के चलते रैन बसेरों व अलावों का एडीएम वित्त ने किया औचक निरीक्षण
देर रात पहुंचकर बेसहारा व मजदूरों का जाना हाल, कंबल बांटे
शाहजहांपुर। योगेंद्र यादव
जनपद में पड़ रही भीषण ठंड और शीतलहर को देखते हुए सोमवार देर रात्रि अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार ने शहर में संचालित रैन बसेरों एवं जलाए जा रहे अलावों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने रैन बसेरों में ठहरे मजदूर वर्ग, बेसहारा व बेघर लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और ठंड से बचाव के लिए कंबल ओढ़ाए।
एडीएम वित्त ने रेलवे स्टेशन पर भी पहुंचकर वहां ठंड से बचाव के इंतजामों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर बुजुर्गों, दिव्यांगों एवं जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। इसके साथ ही रोडवेज बस अड्डे पर नगर निगम द्वारा संचालित रैन बसेरे का निरीक्षण किया गया, जहां साफ-सुथरे बेड-बिस्तर, पेयजल, गैस हीटर, केयर टेकर सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध पाई गईं।
उन्होंने हनुमत धाम पर संचालित रैन बसेरे का भी निरीक्षण किया, जहां सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित मिलीं। एडीएम वित्त ने बताया कि ठिठुरन भरी रातों में राहगीरों और निराश्रितों को राहत पहुंचाने के लिए शहर के 50 से अधिक प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और रैन बसेरों के बाहर नियमित रूप से अलाव जलाए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त ने आमजन से अपील की कि यदि कोई भी व्यक्ति खुले में सोता हुआ दिखाई दे, तो तत्काल प्रशासन को सूचना दें। सहायता के लिए जिला कंट्रोल रूम नंबर 05842-351037, 462754 तथा टोल फ्री नंबर 1070 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर जरूरतमंद को सुरक्षित आश्रय और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
























