डीएम की अध्यक्षता में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के संबंध में बैठक संपन्न।
प्रत्येक बीएलओ प्रतिदिन 100 गणना प्रपत्रों को डिजिटाइजेशन करना सुनिश्चित करें: जिलाधिकारी
30 नवंबर तक गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य किया जाए पूर्ण: डीएम
शाहजहांपुर। योगेन्द्र यादव
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सुपरवाइजरों के विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के गतिमान प्रगाढ़ पुनरीक्षण- संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक कैम्प कार्यालय सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने गणना प्रपत्र के वितरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक बीएलओ प्रतिदिन वितरण किए गए गणना प्रपत्रों को प्राप्त कर 100-100 का डिजिटाइजेशन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि जब तक बीएलओ प्रतिदिन 100 गणना प्रपत्र डिजिटाइजेशन नहीं करेंगे तब तक उसे छुट्टी नहीं दी जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वितरित किए गए गणना प्रपत्र को घर घर जाकर शत प्रतिशत प्राप्त करना है, कोई भी घर छूटना नहीं चाहिए । प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य में लगे किसी भी अधिकारी एवं कर्मचारियों को किसी भी प्रकार का बिना जिलाधिकारी के अनुमति से अवकाश नहीं दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को सही, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार के लापरवाही को क्षम्य नहीं किया जाएगा संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य संपन्न होना चाहिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि डिजिटाइजेशन कार्य की गति बढ़ाकर प्रत्येक दशा में 30 नवंबर तक शत प्रतिशत पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, तहसीलदार सदर सत्येंद्र कटियार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
























