
निषाद पार्टी के तत्वाधान में पूर्व सांसद फूलन देवी की मनाया गया शहादत दिवस।
शरद बिंद
भदोही/मोंढ।सुरियावा ब्लॉक क्षेत्र के उगई पुर में शुक्रवार को निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के तत्वावधान में आज विश्व की चौथी और भारत की प्रथम क्रांतिकारी महिला, पूर्व सांसद वीरांगना फूलन देवी का शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर निषाद पार्टी के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर निषाद ने कहा कि फूलन देवी के अधूरे सपनों को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद के नेतृत्व में पूरा किया जाएगा।
चंद्रशेखर निषाद ने बताया कि फूलन देवी का सपना मछुआ समुदाय को अनुसूचित जाति (SC) का आरक्षण दिलाना था, ताकि समाज की आर्थिक, शैक्षिक और राजनीतिक स्थिति में सुधार हो। उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव से इस मांग को उठाया, जिन्हें वे पिता मानती थीं, लेकिन उनकी बात अनसुनी कर दी गई। इसके बाद फूलन देवी ने मछुआ समुदाय के अधिकारों के लिए एकलव्य पार्टी की स्थापना की, लेकिन एक हफ्ते बाद ही उनकी हत्या कर दी गई। चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने फूलन देवी के पार्थिव शरीर को जालौन में जलाने के बजाय मिर्जापुर में जलाकर राजनीतिक लाभ उठाया।
उन्होंने कहा कि अब निषाद समाज जागरूक हो गया है और निषाद पार्टी के साथ जुड़कर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा है। पार्टी सत्ता में आने पर फूलन देवी की हत्या की CBI जांच कराएगी, ताकि उनकी आत्मा को शांति मिले। कार्यक्रम में अशोक निषाद, डॉ. सुशील निषाद, सूर्यलाल बिंद, हजारी लाल बिंद, मेहीलाल बिंद, रमाकांत बिंद, अच्छेलाल बिंद, यज्ञ नारायण, मिथिलेश बिंद सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

