
पीली नदी के पुनर्जीवन हेतु विधायक, जिलाधिकारी व जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक सम्पन्न।
जौनपुर ।राजा हरपाल सिंह इंटर कॉलेज, सिंगरामऊ के सभागार में पीली नदी के जीर्णोद्धार को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा ने की, जिसमें जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया समेत अनेक विभागीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में जानकारी दी गई कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश की नदियों को पुनर्जीवित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बदलापुर क्षेत्र की ऐतिहासिक पीली नदी का पुनर्जीवन किया जाएगा। इसके अंतर्गत नदी की सफाई, नालों की खुदाई और जलप्रवाह पुनः बहाल करने की कार्ययोजना तैयार की गई है।
ड्रोन सर्वे और जनसहभागिता से होगा कार्य
अधिकारियों ने बताया कि पीली नदी के किनारे और प्रवाह क्षेत्र का ड्रोन सर्वे पूर्ण हो चुका है। सफाई और खुदाई का कार्य पूरी तरह जनसहभागिता से किया जाएगा। इसमें जेसीबी मशीन उपलब्ध कराने वाले सभी मालिकों को सम्मानित किया जाएगा।
20 ग्राम प्रधानों को किया गया सम्मानित
बैठक के दौरान 20 ग्राम प्रधानों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इन प्रधानों ने पीली नदी के उद्धार में श्रमदान व सहयोग की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही, नदी से जुड़ने वाले छोटे नालों की भी सफाई कर प्रवाह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
विधायक रमेश मिश्रा ने की श्रमदान की घोषणा
विधायक रमेश मिश्रा ने कहा कि यह कार्य केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज के सहयोग से ही सफल हो सकता है। उन्होंने स्वयं श्रमदान करने की घोषणा करते हुए जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों व आम नागरिकों से अपील की कि वे इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार, डीपीआरओ नत्थूलाल, बीएसए गोरखनाथ पटेल, डीसी मनरेगा सुशील त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी बदलापुर योगिता सिंह, खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी, मृगेंद्र सिंह शिवबाबा, ओंकार नाथ मिश्र, बद्रीनारायण शास्त्री, राकेश तिवारी सहित कई ग्राम प्रधान व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में पीली नदी को पुनर्जीवित करने की दिशा में ठोस कार्ययोजना और जनभागीदारी के महत्व पर बल दिया गया।
























