Sunday, February 15

भदोही।अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ व्यक्ति हुआ घायल , इलाज के दौरान हुई मौत ।

अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ व्यक्ति हुआ घायल , इलाज के दौरान हुई मौत ।

भदोही।दुर्गागंज। सुरियावां थानाक्षेत्र के ज्ञानपुर-दुर्गागंज मार्ग पर सदौपुर मोड़ पर बुधवार की रात अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दिया है। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से फ़रार हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की मदद से घायल बाइक सवार अधेड़ को एम्बुलेंस की सहायता से सीएचसी पहुंचाया गया जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने रेफर कर दिया जहाँ बृहस्पतिवार की सुबह भदोही शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान घायल अधेड़ ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने शव को क़ब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दिया है। इस हादसे से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

सुरियावां थानाक्षेत्र के सदौपुर गाँव निवासी अरुण कुमार शुक्ला उर्फ सोना (45) पुत्र स्वर्गीय रामशृंगार शुक्ला मतेथु में किराए के मकान पर चाय-पान की दुकान चलाकर परिवार का भरण पोषण करते थे। अरुण कुमार उर्फ सोना बेहद सरल स्वभाव के थे और क्षेत्र में उनका पान काफ़ी मशहूर था जिसके चलते उनके दुकान पर हमेशा भीड़ लगी रहती थी।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार रोज़ाना की तरह बुधवार की रात अरुण कुमार दुकान बंद करने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। रात क़रीब दस बजे के लगभग ज्ञानपुर-दुर्गागंज मार्ग पर सदौपुर मोड़ पर पहुंचते ही एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार अरुण को कुचलकर मौके से निकल गई। घटना के बाद बाइक सवार अरुण कुमार लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े हुए थे और राहगीरो की नजर पड़ी तो लोगो ने घटना की सूचना पुलिस को दिया।

मौके पर पहुँची पुलिस ने घायल अरुण कुमार को इलाज के लिए एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र सुरियावां पहुंचाया जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने हालत नाज़ुक होने पर अन्यत्र रेफर कर दिया। परिजन भदोही शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे थे जहाँ गुरुवार की सुबह 7 बजे इलाज के दौरान अरुण कुमार की मौत हो गई।

मृतक अरुण कुमार का एक बेटा और एक बेटी है और दोनों बच्चे की उम्र 18 साल से कम है। इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और इलाके में मातम पसर गया है। एसओ अजीत कुमार ने कहा कि शव को क़ब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया हैं और तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *