
माणा गांव हादसा, हेल्पलाइन नंबर जारी, मुख्यमंत्री ने की राहत बचाव कार्य की समीक्षा
(आशुतोष शर्मा) माणा/चमोली।
उत्तराखंड में शुक्रवार को तहसील जोशीमठ अन्तर्गत माणा के निकट बीआरओ कैंप के समीप बीआरओ के मजदूर कार्य कर रहे थे। ।हिमस्खन होने के कारण 57 मजदूर इसमें फंस गए। जिसमें से 16 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया है। शेष मजदूरों को निकालने के लिए खोजबीन जारी है मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना से प्रभावित व्यक्तियों को हरसंभव सहायता दिए जाने एवं हेल्पलाइन नम्बर जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि इस घटना के कारण माणा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की मदद की आवश्यकता हो अथवा इस घटना से संबंधित किसी प्रकार की कोई भी जानकारी प्राप्त करना चाहते हो,
वह मोबाइल नम्बर 8218867005,9058441404, दूरभाष न0 0135 2664315 व टोल फ्री न0 1070 पर सम्पर्क कर सकते हैं। ये नम्बर उत्तराखण्ड राज्य आपदा परिचालन केन्द्र के माध्यम से संचालित किए जा रहे है।
मुख्यमंत्री ने पुनः माणा हिमस्खलन की घटना का देर रात राज्य आपदा परिचालन केन्द्र पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के माणा गांव के पास हुए हिमस्खलन की जानकारी लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को देर रात राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, आईटी पार्क पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की और रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। जोशीमठ में भी की जाए आपदा कंट्रोल रूम की स्थापना।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सर्च ऑपरेशन तेजी से चलाए जाए। उन्होंने कहा जोशीमठ में भी आपदा कंट्रोल रूम की स्थापना की जाए। उन्होंने कहा एनडीआरएफ, एस.डी.आर.एफ ,आईटीबीपी सेना आपसी सहयोग से बर्फ हटाने का कार्य तेजी से करें। जिन श्रमिकों को निकाला गया है उनका विशेष ख्याल रखा जाए। उन्होंने माणा स्थित हेलीपैड को प्राथमिकता से खोले जाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जोशीमठ स्थित आर्मी अस्पताल, जिला अस्पताल, एम्स ऋषिकेश तक सभी अस्पतालों में पर्याप्त व्यवस्था करने के भी निदेश दिए। उन्होंने कहा एम-आई 17 की मदद से घायलों को लिफ्ट करने की भी पूरी तैयारी की जाए। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर धामी ने कहा कि मजदूरों की हर संभव मदद सरकार करेगी।

