बलिया।ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर बलिया में INDIA गठबंधन का प्रदर्शन; राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन

ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर बलिया में INDIA गठबंधन का प्रदर्शन; राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन

 संजीव सिंह बलिया। लोकसभा सदस्य रामशंकर विद्यार्थी राजभर और पूर्व मंत्रियों के नेतृत्व में निकले जुलूस ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन

 मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से बर्खास्त करने की मांग को लेकर INDIA गठबंधन बलिया के बैनर तले गुरुवार को जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’, ‘भाजपा भगाओ, देश बचाओ’ और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे नारों से बलिया कलेक्ट्रेट परिसर को गुंजाया। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा, जिसमें चुनाव आयोग में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

समाजवादी पार्टी कार्यालय से निकली शक्तिशाली रैली

कार्यक्रम की शुरुआत समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय से हुई, जहां नेता एवं कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां से हाथों में विभिन्न मांगों और विरोध नारों वाली तख्तियां लिए जुलूस की शक्ल में रैली जिलाधिकारी कार्यालय की ओर रवाना हुई। रास्ते भर कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा, निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था और मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा के नारे लगाए।

नेताओं ने जताई चुनाव व्यवस्था को लेकर चिंता

इस अवसर पर लोकसभा सदस्य रामशंकर विद्यार्थी राजभर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था बेहद जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव आयोग जैसे संवैधानिक संस्थान पर जनता का विश्वास कायम रहना चाहिए और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना लोकतंत्र की बुनियादी जिम्मेदारी है।

पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी संवैधानिक संस्था की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठते हैं, तो उनका निष्पक्ष समाधान होना चाहिए, ताकि जनता का विश्वास लोकतांत्रिक संस्थाओं में बना रहे।

“हया होती तो इस्तीफा दे चुके होते”: जियाउद्दीन रिज़वी

पूर्व मंत्री जियाउद्दीन रिज़वी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर निशाना साधते हुए कहा, “ज्ञानेश कुमार के अंदर अगर थोड़ी भी हया होती तो वह अबतक इस्तीफा दे चुके होते, लेकिन लगता है वह लोकतंत्र की हत्या करना उनकी नियति बन गई है।”

विधायक जयप्रकाश अंचल ने कहा कि मतदाता सूची से लेकर मतदान तक प्रत्येक प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और संदेह से परे होनी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए विपक्ष अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा।

जिलाध्यक्ष सुनील मौर्य का आह्वान

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार मौर्य ने कहा कि INDIA गठबंधन लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।

प्रदर्शन में शामिल प्रमुख नेता

इस प्रदर्शन में श्रीमती मंजू सिंह, संजय उपाध्याय, डॉ. विश्राम यादव, यशपाल सिंह, सुशील पाण्डेय कान्हजी, सीमा राजभर, रामेश्वर पाण्डेय, आशुतोष ओझा, रोहित चौबे, जलालुद्दीन जे.डी., शशिकांत चतुर्वेदी, राजन कन्नौजिया, शैलेश सिंह, जयप्रकाश यादव मुन्ना, अजीत यादव, हरेंद्र गोंड, जमाल आलम, श्रीमती ममता चंद्रा, कामेश्वर सिंह, राजेश गौड़, विकेश सिंह सोनू, विजय शंकर यादव, विनय गौड़, राजेश पासवान, संजय मिश्र, श्री भगवान वर्मा, झलन यादव, रोहित यादव, अजय यादव, रोहित सिंह, जुबेर सोनू, देवीदत्त यादव, अनिल राय, नित्या सैनी, गुरुज लाल राजभर, जय प्रकाश यादव, सर्वजीत यादव, चंदन यादव, सुभाष यादव और रामनाथ पटेल सहित अनेक नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन बीरबल राम ने किया। अंत में सभी नेताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *