बलिया: हर दुकानदार को रखना होगा डस्टबिन, नहीं तो लगेगा जुर्माना

हर दुकानदार को रखना होगा डस्टबिन, नहीं तो लगेगा जुर्माना

डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन जल्द, डीएम ने टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के दिए निर्देश

डीएम का संकल्प: झोपड़ी मुक्त और कूड़ा मुक्त बनेगा बलिया

 संजीव सिंह बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने गुरुवार को अपने कार्यालय में नगर के सभी वार्डों के सफाई नायकों के साथ बैठक कर साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और सफाई कर्मियों को निर्देश दिया कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए अभियान चलाकर काम किया जाए।

डीएम ने कहा कि जनपद को झोपड़ी मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं और कोई भी व्यक्ति आवास के अभाव में झोपड़ी में रहने को मजबूर न हो। पात्र लोगों को आवास योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।

गली-मोहल्ले में नियमित सफाई, स्ट्रीट लाइट की भी होगी व्यवस्था

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नगर के प्रत्येक गली-मोहल्ले में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। जिन स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं जल रही है, वहां तत्काल लाइट लगाने अथवा खराब लाइटों को ठीक कराने की कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन: टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के आदेश

शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था तत्काल शुरू कराने को कहा गया। जिलाधिकारी ने नगर पालिका को आदर्श नगर पालिका के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।

दुकानदारों के लिए डस्टबिन अनिवार्य, नहीं माने तो जुर्माना

सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों पर डस्टबिन रखना अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए। दुकानदारों को दो से तीन दिन का समय देकर डस्टबिन रखने के लिए जागरूक किया जाए। इसके बाद नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर दुकानदार के पास डस्टबिन होना सुनिश्चित किया जाए।

स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीएम का सख्त रवैया

जिलाधिकारी ने सफाई नायकों और संबंधित अधिकारियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर बलिया को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में एडीएम अनिल कुमार आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *