बलिया विकास कार्यों में तेजी, जनहित पर कड़ी नजर — दृष्टि समिति की बैठक में MLC रविशंकर सिंह ‘पप्पू’ का सख्त रुख।

विकास कार्यों में तेजी, जनहित पर कड़ी नजर — दृष्टि समिति की बैठक में MLC रविशंकर सिंह ‘पप्पू’ का सख्त रुख।

 संजीव सिंह बलिया, जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति (दृष्टि) की बैठक सोमवार को विकास भवन सभागार में विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह उर्फ पप्पू भैया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले में चल रही विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई, जिसमें अधिकारियों को पात्रों तक लाभ पहुंचाने और कार्यों में गति लाने के सख्त निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य मेले पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले के 76 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हर रविवार मेले का आयोजन हो रहा है और अब तक 268 रविवार को मेले आयोजित किए जा चुके हैं। अध्यक्ष ने बाढ़ प्रभावित गांवों में पानी घटने के बाद संभावित बीमारियों को रोकने के लिए 15 से 30 दिनों तक विशेष स्वास्थ्य मेले आयोजित करने, बाढ़ शरणालयों में स्वास्थ्य टीम तैनात करने और मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश सीएमओ को दिए।

अस्पताल की साफ-सफाई और दवाओं पर कार्रवाई

सीएचसी खेजुरी में साफ-सफाई की कमी और चिकित्सकों द्वारा बाहर की दवाएं लिखे जाने की शिकायतों पर अध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमओ को अस्पताल की रंगाई-पुताई व साफ-सफाई सुनिश्चित कराने और बाहर की दवाएं लिखने की प्रथा पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए।

आवास योजना और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे

मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा में बताया गया कि 2025-26 में 5,025 आवासों के लक्ष्य के सापेक्ष 4,976 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 2026-27 में 1,145 आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। अध्यक्ष ने तहसील बैरिया के बाढ़ प्रभावित गांवों का सर्वे कराकर पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बिजली विभाग पर कड़ी कार्रवाई का इशारा

बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर अध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को गलत या मनमाने बिल भेजने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। अधिकारियों को सही मीटर रीडिंग के आधार पर बिल जारी करने और अवैध बिजली उपयोग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

पौधारोपण और सड़क निर्माण की प्रगति

वन विभाग द्वारा जिले में 45,36,205 पौधों के रोपण की जानकारी दी गई, जिस पर अध्यक्ष ने पौधों के सर्वाइवल रेट का रिकॉर्ड तैयार कर अगली बैठक में जनप्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। नई सड़कों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि पूरी हो चुकी सड़कों को संबंधित विभाग को जल्द हैंडओवर किया जाए।

अन्य विभागों की योजनाओं की समीक्षा

बैठक में 15वें वित्त आयोग, राज्य वित्त आयोग, आंगनबाड़ी, दिव्यांगजन, पिछड़ा वर्ग, उद्योग और जल निगम ग्रामीण विभागों की योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

उपस्थिति

बैठक में विधायक फेफना संग्राम सिंह, बैरिया के विधायक जय प्रकाश अंचल, सीडीओ आलोक कुमार, डीडीओ आनंद प्रकाश, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीएमओ डॉक्टर अभय कुमार राय सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *